मुंबई के कांदिवली इलाके में डिलीवरी बॉय बनकर आए एक व्यक्ति ने 76 वर्षीय महिला की सोने की चेन छीन ली. घटना मंगलवार रात उमन सोसायटी में हुई. पुलिस ने शुक्रवार को मामले की जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान अरुणा अनिलकांत रूपाणी के रूप में हुई है. वह अपने फ्लैट के बाहर लिफ्ट के पास खड़ी थीं. इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आया और बार-बार किसी का पता पूछने लगा.
महिला जैसे ही अपने फ्लैट की ओर मुड़ीं, आरोपी ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली. महिला ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह चेन लेकर भाग गया.
कांदिवली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक करण कावले ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है. घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात भी सामने आई है.
