महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में खामगांव के पास मुंबई-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान परभणी निवासी सतीश सखाराम जाधव और सय्यद फिरोज सय्यद मेहमूद के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली. जांच के दौरान कार से 27 किलो गांजा बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है. पुलिस ने कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है.

इस मामले में दोनों मृतकों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब गांजा कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच कर रही है. हादसे के कारण कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित होने की भी जानकारी सामने आई है.