महाराष्ट्र के कोल्हापुर में सोमवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से दोपहिया वाहन सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई. हादसा शिवाजी विश्वविद्यालय से शाहू टोल नाके के बीच साइबर चौक के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ.
पुलिस के अनुसार, पद्मसिंह पाटील इलेक्ट्रिक कार से जा रहे थे. इसी दौरान कार ने सामने जा रहे दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान उमेश पाथरूट और गणेश पाथरूट के रूप में हुई है.
सूचना मिलने पर राजारामपुरी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. कार चालक की मेडिकल जांच भी कराई गई है. पुलिस ने पाटील को गिरफ्तार किया है और उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी.
हादसे के बाद कार चालक के मौके से चले जाने की चर्चा सामने आई है, हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच जारी है. शराब पीकर वाहन चलाने की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों, कार की रफ्तार और चालक की स्थिति की जांच कर रही है.
