महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरि झिरवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन योजना से राज्य के सरकारी खजाने पर दबाव बढ़ रहा है. उन्होंने सूखे की स्थिति के बीच योजना जारी रखने और राहत उपायों के लिए धन जुटाने को सरकार के सामने बड़ी चुनौती बताया.

नांदेड जिले के लोहा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान झिरवाल ने कहा कि यह योजना नवंबर 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले शुरू की गई थी और अब सरकार इससे पीछे नहीं हट सकती. योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाते हैं.

झिरवाल के मुताबिक, इस बार खाद्यान्न की कमी नहीं है, लेकिन पानी का संकट गंभीर है. अगर प्रभावित इलाकों तक पानी पहुंचाने के लिए रेल या अन्य विशेष साधनों का इस्तेमाल करना पड़ा, तो इसके लिए बड़े बजट की जरूरत होगी.

उन्होंने संकेत दिया कि चालू वर्ष और अगले वर्ष लोगों को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि सरकार इस स्थिति से निपटने का रास्ता तलाशेगी.