महाराष्ट्र के लातूर शहर में कुरिअर पार्सल उतारते समय हुए विस्फोट में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना उद्योग भवन क्षेत्र स्थित उमाटे कुरिअर सर्विस परिसर की बताई जा रही है. घायल कर्मचारी को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुरिअर वाहन से सामान उतारने का काम चल रहा था. इसी दौरान एक पार्सल में अचानक विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि वाहन की छत और कांच को नुकसान पहुंचा. पार्सल में मौजूद अन्य सामान भी प्रभावित हुआ है.
घटना की सूचना मिलने के बाद लातूर पुलिस और श्वान दल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने इलाके की जांच शुरू कर दी है. स्फोट किस वस्तु के कारण हुआ और पार्सल में क्या सामग्री थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पार्सल भेजने वाले और उसकी बुकिंग से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.
अधिकारियों की जांच के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह और पार्सल में मौजूद सामग्री के बारे में स्थिति साफ होगी. फिलहाल घटना को लेकर किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
