महाराष्ट्र के लातूर में पुलिस ने एक फ्लैट में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 21 वर्षीय युवती को वहां से बरामद किया और दो लोगों को गिरफ्तार किया. एक अन्य संदिग्ध मौके से फरार हो गया.
यह कार्रवाई लातूर के मौली नगर इलाके में की गई. पुलिस को फ्लैट में देह व्यापार चलाए जाने की सूचना मिली थी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सीधे छापा मारने के बजाय पहले इसकी पुष्टि करने की योजना बनाई. शुक्रवार को एक पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर फ्लैट में भेजा गया. कथित गतिविधि की पुष्टि के बाद टीम ने वहां छापा मारा.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद यूसुफ सैयद और जयश्री राम तरोटे के रूप में हुई है. बरामद की गई युवती नागपुर की रहने वाली है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में युवती ने उसे जबरन देह व्यापार में धकेले जाने की बात बताई.
पुलिस के अनुसार, ग्राहकों से मिलने वाली रकम आरोपियों और कुछ अन्य लोगों के बीच बांटी जाती थी. जांच एजेंसियां अब कथित रैकेट में शामिल अन्य लोगों और उसके नेटवर्क का पता लगा रही हैं. मामले में लातूर के शिवाजीनगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. फरार व्यक्ति की तलाश जारी है.
