महाराष्ट्र के लातूर जिले में किसानों को चारा उगाने के लिए प्रति एकड़ ₹1,21,815 तक की सरकारी सहायता देने वाली पायलट योजना शुरू की गई है. यह पहल सूखे की आशंका के बीच पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है.
योजना के तहत नवंबर, दिसंबर और जनवरी में सिंचाई की सुविधा रखने वाले किसान आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए किसान के पास खुद के पशु होना अनिवार्य नहीं है. तैयार चारे का इस्तेमाल किसान अपने पशुओं के लिए कर सकते हैं या जिले के पशुपालकों को बेच सकते हैं.
सहायता राशि में ₹84,956 श्रम और ₹36,859 बीज, खाद व अन्य सामग्री के लिए निर्धारित हैं. महाबीज किसानों को ‘Speedfeed’ चारा ज्वार के प्रमाणित बीज मुफ्त उपलब्ध कराएगा. योजना में खेत की तैयारी, बुवाई, खाद डालने, सिंचाई, निराई और कटाई से जुड़ी लागत शामिल है.
इस किस्म की पहली कटाई बुवाई के 55 से 60 दिन बाद हो सकती है. इसके बाद 35 से 40 दिन के अंतराल पर दो और कटाई का प्रावधान है. प्रशासन के अनुसार किसान चार महीने में चारा बेचकर प्रति एकड़ ₹1.5 लाख तक की आय हासिल कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 1 नवंबर है.
