मुंबई के लीलावती अस्पताल से जुड़े कथित काला जादू मामले में सत्र न्यायालय ने निकेत विजय मेहता के खिलाफ जारी समन रद्द कर दिए हैं. अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कुणाल धनाजी जाधव ने कहा कि फर्श के नीचे कलश मिलना अपने आप में किसी आपराधिक कृत्य का प्रमाण नहीं है.

यह मामला उस शिकायत से जुड़ा है जिसमें दावा किया गया था कि ट्रस्ट का प्रशासन संभालने के बाद 21 सितंबर 2024 को एक कार्यालय के फर्श के नीचे आठ तांबे के कलश मिले. शिकायत में इन कलशों में मानव अवशेष, चावल, बाल और राख होने तथा कथित तांत्रिक गतिविधियों में इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था.

अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड में यह स्पष्ट नहीं है कि कलश किसने, कब या किसके निर्देश पर दबाए थे. उपलब्ध सामग्री से यह भी साबित नहीं हुआ कि बरामद हड्डियां मानव अवशेष थीं या बाल और अन्य सामग्री किसी गैरकानूनी गतिविधि से जुड़ी थी.

अदालत ने यह संभावना भी मानी कि कलश, चावल और अन्य वस्तुएं वास्तु या धार्मिक रीति-रिवाजों का हिस्सा हो सकती हैं. न्यायालय के अनुसार, किसी प्रथा को अपराध मानने के लिए निषिद्ध कृत्य, नुकसान पहुंचाने की मंशा या भय पैदा करने का ठोस साक्ष्य जरूरी है.