पुणे जिले के लोहगढ़ किले में युवा उद्यमी केतन अग्रवाल की मौत से जुड़े मामले में आरोप तय करने की प्रक्रिया 17 नवंबर तक टाल दी गई है. बचाव पक्ष के वकीलों ने अदालत में डिजिटल सबूतों और मुकदमे से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने की आपत्ति उठाई.

मामले की सुनवाई वडगांव मावल स्थित अतिरिक्त जिला एवं सत्र अदालत में हुई. पुणे ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. सुनवाई के दौरान आरोपी सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुए.

अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम उपस्थित रहे. बचाव पक्ष ने कहा कि पुलिस ने मामले के डिजिटल साक्ष्यों से जुड़े जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं, इसलिए मुकदमे की आगे की कार्यवाही शुरू नहीं की जा सकती. बचाव पक्ष ने आरोपियों को संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां देने की मांग की.

अभियोजन ने अदालत को बताया कि संबंधित साक्ष्य एक पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं और उन्हें देखा जा सकता है. तीसरे आरोपी रितेश हांगे ने वकील नियुक्त करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा. अदालत ने स्पष्ट किया कि अगली सुनवाई तक वकील नियुक्त नहीं होने पर उसे लीगल सर्विसेज कमेटी के माध्यम से वकील उपलब्ध कराया जाएगा.

जांच में सिया और चेतन के संबंध, हत्या की कथित तैयारी, मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्य, इंटरनेट सर्च और संचार की पड़ताल किए जाने की बात चार्जशीट में कही गई है. पुलिस के आरोपों के मुताबिक, आरोपियों ने कथित घटना से पहले लोहगढ़ क्षेत्र का दौरा किया और हत्या की कथित रूपरेखा का अभ्यास किया था. पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन को किले से नीचे धकेले जाने की बात सामने आई है. इन आरोपों पर अदालत में सुनवाई जारी है और अभी आरोप तय नहीं हुए हैं.