महाराष्ट्र के लोनावला में 33 वर्षीय वकील अभय मानिक मराठे की गोली लगने से हुई मौत को पुलिस ने हत्या का मामला बताया है. पुणे ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में अभय के 83 वर्षीय दादा मोतीराम मराठे समेत परिवार के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे संपत्ति बेचने को लेकर चल रहा विवाद था.
पुलिस ने मोतीराम मराठे पर हत्या का आरोप लगाया है. उनकी बेटी राजश्री पवार, बेटे हिरामन मराठे, बहू कविता मराठे और पोते मनोज मराठे को कथित तौर पर सबूत मिटाने के आरोप में हिरासत में लिया गया है. आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238 और 241 तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
हादसे की कहानी पर पुलिस को संदेह
लोनावला सिटी पुलिस को सोमवार दोपहर एक अस्पताल से सूचना मिली थी कि भुशी इलाके के एक होटल से जुड़े अभय की गोली लगने से मौत हो गई है. परिवार ने डॉक्टरों और पुलिस को बताया कि अभय अपने दादा की 12-बोर राइफल साफ कर रहे थे, तभी गोली चल गई और उनके सीने में जा लगी. शुरुआत में पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया.
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम के लिए शव पुणे के ससून जनरल अस्पताल भेजा गया. शरीर पर गोली लगने के तरीके ने जांच अधिकारियों को संदेह में डाल दिया. पुलिस का कहना है कि चोट का स्वरूप सामान्य आकस्मिक या खुद से लगी गोली की चोट से अलग था.
जांच टीम ने होटल का निरीक्षण किया तो काउंटर के पास दीवार पर खून का एक बड़ा निशान और कुछ दूरी पर दूसरा निशान मिला. दीवार पर जमीन से करीब पांच फीट ऊपर खून के छींटे भी पाए गए. पुलिस के मुताबिक, होटल कर्मचारियों और मैनेजर से पूछताछ के बाद संपत्ति विवाद की जानकारी सामने आई.
सीसीटीवी और डीवीआर हटाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे संपत्ति बेचने के मुद्दे पर अभय और मोतीराम के बीच बहस हुई. आरोप है कि इसी दौरान मोतीराम ने अपनी लाइसेंसी राइफल से अभय को गोली मार दी. इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य होटल पहुंचे, शव को एक कमरे में ले गए और सीसीटीवी कैमरे तथा डीवीआर हटाकर छिपा दिए. होटल कर्मचारियों को घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी देने का भी आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, मोतीराम के पास शिकार के लिए 1970 में जारी किए गए दो लाइसेंसी राइफल परमिट हैं. मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपों की पुष्टि अदालत में होनी बाकी है.
