महाराष्ट्र सरकार ने मई 2027 तक राज्य में 34,83,940 भूजल पुनर्भरण संरचनाएं तैयार करने का लक्ष्य तय किया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 19 नवंबर 2026 को हुई जलशक्ति अभियान की समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए.

यह लक्ष्य केंद्र के ‘जल संचय: जन भागीदारी 3.0’ अभियान के तहत रखा गया है. इसके साथ ही जलयुक्त शिवार योजना का तीसरा चरण 18 हजार गांवों में लागू किया जाएगा. जल संरक्षण के कामों के लिए जलयुक्त शिवार 3.0, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, मनरेगा और अन्य योजनाओं के फंड को जोड़ा जाएगा.

योजना में पुराने जलस्रोतों की मरम्मत, तालाबों का पुनर्जीवन, खेत तालाब और भूजल रिचार्ज पिट बनाने पर जोर रहेगा. लोक निर्माण और नगर विकास विभाग निजी मकानों तथा सरकारी इमारतों में छत से वर्षाजल संचयन की व्यवस्था लागू करेंगे. वन विभाग वन बंधारे और वन तालाब बनाएगा.

सरकार 50 किलोमीटर या उससे अधिक लंबी उन नदियों के पुनर्जीवन पर भी काम कर रही है, जो मानसून के बाद सूख जाती हैं. फडणवीस ने सूखे की स्थिति को देखते हुए केंद्र से अतिरिक्त वित्तीय सहायता की मांग की है.