महाराष्ट्र में कई न्यायालयों और सरकारी परिसरों को बम धमाके की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. मुंबई, पुणे, ठाणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, बीड, परभणी, हिंगोली और अमरावती समेत कई शहरों के न्यायालयों को ऐसे संदेश मिलने की जानकारी सामने आई है.
धमकी मिलते ही कुछ न्यायालय परिसरों को एहतियातन खाली कराया गया और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड तथा स्निफर डॉग्स की मदद से तलाशी ली गई. उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई.
मुंबई में माझगांव, दिंडोशी और एस्प्लेनेड अदालतों को मिले संदेशों के बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाई. पुणे के शिवाजीनगर जिला एवं सत्र न्यायालय में भी तलाशी अभियान चलाया गया. कुछ धमकी वाले ईमेल में मेट्रो स्टेशनों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य सरकारी परिसरों का उल्लेख होने की बात कही गई है.
पुलिस और साइबर जांच एजेंसियां ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति या समूह का पता लगाने में जुटी हैं. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
