महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई, पुणे और नागपुर महानगरीय क्षेत्रों के मेट्रो स्टेशनों के नामकरण या संभावित पुनर्नामकरण के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति गठित की है. समिति अपनी सिफारिशें केंद्र सरकार को भेजेगी.
शहरी विकास विभाग की 18 नवंबर 2026 की सरकारी अधिसूचना के अनुसार, उपमुख्यमंत्री और शहरी विकास विभाग के प्रभारी एकनाथ शिंदे समिति के सह-अध्यक्ष होंगे. संबंधित क्षेत्र के लोकसभा सांसद, विधायक और स्थानीय निकाय के महापौर या अध्यक्ष भी इसमें शामिल होंगे. मेट्रो परियोजना लागू करने वाली एजेंसी के प्रशासनिक प्रमुख को सदस्य-सचिव बनाया जाएगा.
समिति नाम तय करते समय सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व, स्थानीय लोगों की भावनाओं, आसान उच्चारण और क्षेत्र की पहचान जैसे मानदंड देखेगी. समान या मिलते-जुलते नामों से यात्रियों में भ्रम न हो और किसी नेता या देवी-देवता के नाम को लेकर विवाद न बढ़े, इसका भी ध्यान रखा जाएगा.
मेट्रो एजेंसियां पहले नामकरण या पुनर्नामकरण से जुड़े प्रस्तावों की जांच कर राज्य सरकार को भेजेंगी. इसके बाद शहरी विकास विभाग प्रस्ताव समिति के सामने रखेगा और समिति की सिफारिशें अंतिम मंजूरी के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को भेजी जाएंगी.
