महाराष्ट्र में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ Directorate of Revenue Intelligence (DRI) ने दो अलग-अलग अभियानों में छह लोगों को पकड़ा है. अधिकारियों ने पुणे के बाहरी इलाके से करीब दो लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर और नवी मुंबई से बाघ, तेंदुए तथा चीते की संदिग्ध खालें बरामद की हैं.

पहली कार्रवाई 25 नवंबर को पुणे के पास इंद्रायणी नदी क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक आयोजन के दौरान हुई. DRI के अनुसार, निगरानी के बाद तीन लोगों को पीछा कर पकड़ा गया. तलाशी में दो बोतलों में करीब दो लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर मिला. पीछा करने के दौरान जहर फैलने से एक DRI अधिकारी के घायल होने की भी जानकारी दी गई है.

पनवेल और नवी मुंबई में खालें बरामद

दूसरी कार्रवाई 26 नवंबर को हुई. पनवेल क्षेत्र में एक व्यक्ति को रोककर तलाशी लेने पर बाघ और तेंदुए की संदिग्ध खालें मिलीं. पूछताछ के बाद नवी मुंबई के एक आवासीय परिसर में तलाशी ली गई, जहां दो महिलाओं के पास चीते की संदिग्ध खाल और .177 कैलिबर की ब्रेक-बैरल एयर राइफल बरामद हुई. प्रारंभिक जांच में तेंदुए की खाल पर गोली लगने का संदिग्ध निशान मिला है.

चारों प्रजातियां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल हैं. जब्त सामग्री और पकड़े गए सभी लोगों को आगे की जांच व कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र वन विभाग को सौंप दिया गया है.