महाराष्ट्र सरकार ने पुणे स्थित सिंहगढ़ टेक्निकल एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित सात कॉलेजों का प्रबंधन तीन साल के लिए अपने हाथ में ले लिया है. उच्च शिक्षा निदेशालय (DHE) ने महाराष्ट्र शैक्षणिक संस्थान (प्रबंधन) अधिनियम, 1976 के तहत पुणे के उच्च शिक्षा विभाग के मंडलीय संयुक्त निदेशक को इन संस्थानों का प्रशासक नियुक्त किया है.

विभाग के आदेश के अनुसार, कर्मचारियों के वेतन और सेवानिवृत्ति लाभ लंबे समय से लंबित थे. बकाये का भुगतान न होने से कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और इसका असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ने की बात कही गई है.

इन कॉलेजों पर लागू हुआ आदेश

सरकारी कार्रवाई में अंबेगांव स्थित सिंहगढ़ कॉलेज ऑफ लॉ और सिंहगढ़ कॉलेज ऑफ साइंस, नारहे का सिंहगढ़ कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स, कोंढवा का सिंहगढ़ कॉलेज ऑफ कॉमर्स, एरंडवने का श्रीमती काशीबाई नवले कॉलेज ऑफ कॉमर्स, तथा कुसगांव, लोनावला स्थित श्रीमती काशीबाई नवले कॉलेज ऑफ एजुकेशन और निर्वृत्ति बाबाजी नवले कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस शामिल हैं.

नोटिफिकेशन में कहा गया है कि कर्मचारियों ने वेतन और सेवानिवृत्ति लाभ के भुगतान के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया था. जुलाई 2025 और अगस्त 2026 में अदालत के निर्देशों, नवंबर 2025 से अप्रैल 2026 के बीच पुणे मंडलीय उच्च शिक्षा कार्यालय की ओर से भेजे गए अनुस्मारकों और विभागीय सुनवाई के बावजूद बकाया नहीं चुकाया गया.

सितंबर 2026 में प्रबंधन के प्रतिनिधियों और याचिकाकर्ता कर्मचारियों के साथ संयुक्त सुनवाई हुई थी. इसके बाद 30 सितंबर और 4 नवंबर को लंबित वेतन की गणना कर भुगतान करने के निर्देश दिए गए, लेकिन विभाग के अनुसार इनका पालन नहीं हुआ. 5 नवंबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर प्रबंधन से जवाब मांगा गया था. 12 नवंबर के आदेश के मुताबिक सोसाइटी ने कोई जवाब दाखिल नहीं किया.

हाईकोर्ट ने 44 संस्थानों की जांच का आदेश दिया

बॉम्बे हाईकोर्ट ने मंगलवार को सिंहगढ़ टेक्निकल एजुकेशन सोसाइटी द्वारा संचालित 44 संस्थानों के मामलों की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो, प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग से कराने का निर्देश दिया. अदालत ने जांच लंबित रहने तक ट्रस्टियों को संस्थानों की चल-अचल संपत्तियों से जुड़े लेन-देन से भी रोका है.

उच्च शिक्षा निदेशक शैलेंद्र देओलांकर के अनुसार, प्रबंधन अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने में विफल रहा और उसका कामकाज छात्रों के शैक्षणिक हितों को प्रभावित कर रहा था. विभाग ने कहा कि सार्वजनिक हित, विशेषकर छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रबंधन अपने हाथ में लेना जरूरी था.