महाराष्ट्र में सड़क हादसों के गंभीर घायलों को जल्द इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख हाईवे पर एयर एंबुलेंस सेवा शुरू करने की योजना है. यह सेवा 2027 की शुरुआत से शुरू किए जाने की तैयारी है.

योजना के तहत समृद्धि महामार्ग, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और मुंबई-गोवा हाईवे को शुरुआती प्राथमिकता वाले मार्गों में शामिल किया गया है. राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने स्वास्थ्य मंत्री, गृह विभाग के राज्यमंत्री और परिवहन, स्वास्थ्य तथा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में इस प्रस्ताव की जानकारी दी.

प्रस्तावित व्यवस्था का उद्देश्य हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचाने में लगने वाला समय कम करना है. हाईवे पर लंबा सफर, ट्रैफिक जाम और अस्पतालों तक सीमित पहुंच के कारण कई मामलों में इलाज में देरी होती है. एयर एंबुलेंस से ऐसे मरीजों को गोल्डन आवर के दौरान चिकित्सा सहायता देने की कोशिश की जाएगी.

केंद्र की PM-RAHAT योजना के तहत सड़क हादसा पीड़ितों को कैशलेस इलाज और 112 हेल्पलाइन के जरिए एंबुलेंस सहायता का प्रावधान पहले से लागू है. महाराष्ट्र की नई पहल इन आपात सेवाओं के साथ समन्वय पर निर्भर करेगी.