महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई, पुणे और नागपुर महानगर क्षेत्रों के मेट्रो स्टेशनों के नामकरण और नाम बदलने के प्रस्तावों पर विचार के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की है. समिति की अध्यक्षता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस करेंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इसके सह-अध्यक्ष होंगे. संबंधित क्षेत्रों के सांसद, विधायक और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि भी समिति में शामिल होंगे.

मेट्रो एजेंसियां पहले नामकरण या नाम बदलने के प्रस्तावों की जांच करेंगी. इसके बाद प्रस्ताव राज्य सरकार की समिति के सामने रखे जाएंगे. समिति सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक और भौगोलिक महत्व, स्थानीय भावनाओं तथा यात्रियों के बीच संभावित भ्रम जैसे पहलुओं पर विचार करके केंद्र सरकार को सिफारिश भेजेगी. अंतिम मंजूरी केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय देगा.

फिलहाल किसी स्टेशन का नाम बदलने की अंतिम सूची जारी नहीं हुई है. दादर मेट्रो स्टेशन का नाम ‘चैत्यभूमि’ करने का प्रस्ताव प्रक्रिया में है, जबकि दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की बात स्पष्ट रूप से खारिज की गई है.

जमीन रिकॉर्ड को मिलेगी डिजिटल पहचान

राजस्व विभाग से जुड़े फैसले के तहत राज्य में जमीन के हर टुकड़े को अलग ‘पार्सल आईडी’ देने की तैयारी है. इसे 7/12 रिकॉर्ड, 8-A, प्रॉपर्टी कार्ड और नक्शों से जोड़ा जाएगा. सरकार का उद्देश्य जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को एकीकृत करना और सरकारी योजनाओं में लाभार्थियों को दोहराव से बचाना है. योजनाओं के लाभार्थियों की जांच के लिए एपीआई आधारित व्यवस्था लागू करने की भी योजना है.