महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महा विकास अघाड़ी (MVA) ने पांच में से तीन सीटें जीतकर सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है. नतीजों के बाद राज्य सरकार के मंत्री छगन भुजबल ने इसे गठबंधन और BJP के लिए गंभीर चेतावनी बताया.
चुनाव परिणामों पर BJP का केंद्रीय नेतृत्व भी नजर रख रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पार्टी महाराष्ट्र BJP अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण से स्पष्टीकरण मांग सकती है. यह जांच की जाएगी कि हार की वजह महायुति के भीतर मतभेद थे या पार्टी स्तर पर गुटबाजी.
BJP ने महाराष्ट्र में तीन MLC सीटों के नुकसान के लिए शिवसेना पर गठबंधन धर्म का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है. पार्टी नेताओं के मुताबिक, पुणे और नागपुर की शिक्षक एवं स्नातक सीटों पर शिवसेना से अपेक्षित समर्थन नहीं मिला. छत्रपति संभाजीनगर में भी शिवसेना नेता अब्दुल सत्तार के प्रचार से गठबंधन उम्मीदवारों को नुकसान होने का दावा किया गया.
नागपुर में कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत गोविंदराव वांजर्री ने BJP के सुधाकर कोहले को 3,271 वोटों से हराया. यह सीट मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह शहर और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के लोकसभा क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण महत्वपूर्ण मानी जा रही थी.
नतीजों के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के बीच बैठक प्रस्तावित है. बैठक में गठबंधन के भीतर बढ़ते मतभेद, हार के कारण और नुकसान की भरपाई के उपायों पर चर्चा होने की संभावना है.
