बॉम्बे हाईकोर्ट ने महाराष्ट्र में सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने पर लगी रोक को पूरे साल लागू कर दिया है. यह प्रतिबंध नवरात्रि, दिवाली, क्रिसमस और अन्य त्योहारों के दौरान भी प्रभावी रहेगा. कोर्ट ने यह निर्देश त्योहारों के जुलूसों में होने वाले शोर और वायु प्रदूषण को कम करने के लिए दिया है.

जस्टिस गिरीश एस. कुलकर्णी और जस्टिस नीला के. गोकले की खंडपीठ ने कहा कि नागरिकों को शहरों में रहने के लंबे समय के खतरों और मौजूदा हालात की गंभीरता को समझना होगा. बेंच ने चेतावनी दी कि जागरूकता और नियमों के पालन के अभाव में शहर गैस चैंबर में बदल सकते हैं.

सरकार और स्थानीय निकायों को जागरूकता अभियान के निर्देश

खंडपीठ ने महाराष्ट्र सरकार, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) को सार्वजनिक जागरूकता अभियान चलाने और शिकायत व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया है. आदेश के मुताबिक, तीनों संस्थाओं को जहरीले प्रदूषण के प्रभावों की जानकारी देने वाले सार्वजनिक नोटिस जारी करने होंगे.

स्कूलों और सार्वजनिक परिवहन में एक सप्ताह के भीतर जागरूकता अभियान शुरू करने को कहा गया है. अभियान में सेलिब्रिटीज को शामिल करने और कम प्रदूषण वाले ग्रीन पटाखों को बढ़ावा देने का भी निर्देश दिया गया है. पुलिस के साथ मिलकर प्रभावी शिकायत व्यवस्था बनाने को कहा गया है.

पटाखों की बिक्री और निर्माण पर रोक नहीं

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसके आदेश में पटाखों के निर्माण या बिक्री पर प्रतिबंध शामिल नहीं है. रोक सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे फोड़ने से संबंधित है. अदालत ने बिगड़ती वायु गुणवत्ता और दिवाली के बाद बच्चों तथा बुजुर्गों पर पड़ने वाले प्रदूषण के प्रभावों पर चिंता जताई.

खंडपीठ ने 22 सितंबर के गणेशोत्सव संबंधी आदेश का दायरा बढ़ाया है. मामला ‘हाईकोर्ट ऑन इट्स ओन मोशन बनाम महाराष्ट्र सरकार और अन्य’ से जुड़ी सुओ मोटू जनहित याचिका और अन्य याचिकाओं की सुनवाई के दौरान सामने आया. अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी.