महाराष्ट्र में शिवसेना के दोनों धड़ों के बीच कथित भ्रष्टाचार के आरोप को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है. शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट पर ₹25 करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी देने के बदले ₹5 करोड़ मांगने का आरोप लगाया है.

राउत के मुताबिक, यह प्रस्ताव लातूर जिले के उदगीर में साहित्यरत्न अण्णाभाऊ साठे प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने से जुड़ा है. उन्होंने दावा किया कि प्रस्ताव लाने वाले नरसिंग उरगीरकर को मंत्री के निजी आवास पर बुलाया गया और कुल परियोजना लागत का लगभग 20 प्रतिशत मांगा गया. राउत ने यह भी कहा कि रकम नहीं देने के कारण प्रस्ताव अब तक मंजूर नहीं हुआ.

शिरसाट ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया और राउत को सबूत पेश करने की चुनौती दी. मंत्री ने कहा कि ₹10 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को अंतिम मंजूरी मुख्यमंत्री स्तर पर मिलती है, इसलिए ₹25 करोड़ के प्रस्ताव को अकेले उनके हस्ताक्षर से मंजूर नहीं किया जा सकता. उन्होंने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.