महाराष्ट्र में गन्ने के दाम को लेकर पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहा किसानों का चक्काजाम आंदोलन 61 घंटे बाद खत्म हो गया. स्वाभिमानी शेतकरी संगठन और चीनी मिल मालिकों के बीच गुरुवार देर रात हुए समझौते के बाद संगठन के नेता राजू शेट्टी ने आंदोलन वापस लेने की घोषणा की. इसके साथ ही सातारा और कोल्हापुर के बीच प्रभावित मार्ग पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य होने लगा.
आंदोलनकारी किसानों की शुरुआती मांग 4,500 रुपये प्रति टन भुगतान की थी. समझौते के तहत किसानों को पहले चरण में 3,900 रुपये प्रति टन दिए जाएंगे. पेराई सत्र खत्म होने के बाद 100 रुपये प्रति टन और भुगतान किया जाएगा. चीनी का भाव 45 रुपये प्रति किलोग्राम या उससे अधिक रहने पर 200 रुपये प्रति टन अतिरिक्त देने का प्रावधान भी रखा गया है. इस तरह किसानों को कुल 4,200 रुपये प्रति टन तक मिल सकते हैं.
यातायात और बस सेवाओं पर असर
प्रदर्शन के कारण नागठणे से कोल्हापुर जिले के सांगली फाटा तक करीब 120 किलोमीटर के हिस्से में यातायात प्रभावित रहा. वैकल्पिक मार्गों पर भी भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया. परिवहन संगठनों के अनुसार, अनाज, सब्जियों और अन्य जरूरी सामान से लदे 1,500 से अधिक ट्रक फंसे रहे. महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम को कई बस सेवाएं रद्द या डायवर्ट करनी पड़ीं.
समझौते के बाद शनिवार को प्रस्तावित कोल्हापुर जिला बंद भी वापस ले लिया गया है. अधिकारियों ने यात्रियों को यात्रा से पहले मार्ग की ताजा स्थिति जांचने की सलाह दी है.
