महाराष्ट्र में समान नागरी संहिता (UCC) को लेकर गठित समिति ने नागरिकों से सुझाव और अभिप्राय आमंत्रित किए हैं. लोग 15 नवंबर 2026 तक अपनी राय ऑनलाइन पोर्टल, ईमेल या डाक के माध्यम से भेज सकेंगे.

सुझाव ucc.maharashtra.gov.in पोर्टल पर जमा किए जा सकते हैं. इसके अलावा नागरिक ucc@maharashtra.gov.in पर ईमेल भेज सकते हैं या अपनी लिखित राय समान नागरी संहिता समिति, महाराष्ट्र कार्यालय, दूसरा तल, पुराना कस्टम हाउस, शहीद भगतसिंह रोड, फोर्ट, मुंबई-400001 के पते पर डाक से भेज सकते हैं.

समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायमूर्ति रंजना देसाई कर रही हैं. समिति UCC के संवैधानिक, कानूनी, सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक पहलुओं का अध्ययन करेगी. इसमें विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, विरासत और अन्य व्यक्तिगत कानूनों से जुड़े प्रावधानों की समीक्षा शामिल है.

समिति विभिन्न धर्मों और समुदायों के प्रतिनिधियों, कानून विशेषज्ञों, महिला संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षाविदों और आम नागरिकों के विचार भी सुनेगी. संभावित कानून के सामाजिक, आर्थिक, प्रशासनिक और कानूनी प्रभावों का आकलन करने के बाद समिति सरकार को आवश्यक सिफारिशें सौंपेगी.