महाराष्ट्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मसौदा मतदाता सूची से बाहर रह गए 2.06 करोड़ मतदाताओं को अपना नाम और पात्रता दर्ज कराने का एक और अवसर दिया गया है. चुनाव आयोग ने नियमित दावे और आपत्तियों के निपटारे की समयसीमा 20 दिन बढ़ाकर 15 दिसंबर कर दी है. अब राज्य की अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को प्रकाशित होगी.
महाराष्ट्र में SIR से पहले 9.78 करोड़ मतदाता दर्ज थे. 31 अगस्त को प्रकाशित मसौदा सूची में 7.71 करोड़ मतदाताओं को शामिल किया गया. बाकी 2.06 करोड़ मतदाताओं के गणना फॉर्म प्राप्त नहीं हो सके थे. इन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या डुप्लीकेट मतदाताओं की ASDD श्रेणी में रखा गया है. यह संख्या राज्य के पहले के कुल मतदाताओं की करीब 21.14 प्रतिशत है.
ASDD श्रेणी के लिए नई प्रक्रिया
चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार ASDD श्रेणी के फॉर्म 18 नवंबर तक तैयार और मुद्रित किए जाने हैं. इनका वितरण और संग्रह 18 से 30 नवंबर के बीच होगा. चुनाव अधिकारियों को इन फॉर्म की प्रक्रिया 10 दिसंबर तक पूरी करनी होगी. पात्र मतदाता उपलब्ध होने के बाद ऑनलाइन भी गणना फॉर्म जमा कर सकेंगे. इसके लिए वे ऐप में ‘बुक अ कॉल’ सुविधा के माध्यम से अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर सकते हैं. बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी ऐसे मतदाताओं को चिह्नित करने में BLO की मदद करेंगे.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि 15 दिसंबर तक बढ़ाई गई समयसीमा दावे और आपत्तियों के निपटारे के लिए है, उन्हें दाखिल करने के लिए नहीं. दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 नवंबर थी. संशोधित कार्यक्रम महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, नगालैंड, तेलंगाना, हरियाणा और झारखंड पर भी लागू है. दिल्ली का कार्यक्रम अपरिवर्तित रहेगा, हालांकि इन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी की जाएगी.
