महाराष्ट्र में 16 अक्टूबर 2026 से सभी शहरी और ग्रामीण स्थानीय निकायों में कम से कम 10 प्रतिशत पानी की कटौती लागू होगी. जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि यह फैसला कम बारिश, सीमित जल भंडार और अल-नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए लिया गया है.

जल संसाधन विभाग ने 31 अगस्त 2027 तक बांधों और जलाशयों में उपलब्ध पानी के उपयोग की बांधवार और क्षेत्रवार योजना बनाई है. इसमें पीने के पानी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. वाष्पीकरण, गाद और अनधिकृत पानी निकासी को ध्यान में रखते हुए पेयजल का भंडार सुरक्षित रखा जाएगा. प्रत्येक जलाशय में 10 प्रतिशत अतिरिक्त आपातकालीन बफर स्टॉक रखने का निर्देश भी दिया गया है.

नगर निगमों, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों को पानी के रिसाव रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पूरी क्षमता से संचालित करने को कहा गया है. उपचारित पानी का इस्तेमाल बागवानी, निर्माण और धुलाई में किया जाएगा.

सिंचाई के लिए पानी पीने, पशुओं और चारे की जरूरत पूरी होने के बाद ही दिया जाएगा. रबी अनाज और चारा फसलों को प्राथमिकता मिलेगी. उद्योगों को इस्तेमाल किए गए पानी का कम से कम 30 प्रतिशत पुन: उपयोग या रीसायकल करना होगा. अवैध पानी निकासी रोकने के लिए राजस्व, पुलिस और जल संसाधन विभाग संयुक्त कार्रवाई करेंगे.