महाराष्ट्र में नवंबर की शुरुआत बारिश और ठंड के मिले-जुले असर के साथ हो सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 1 नवंबर को राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है, लेकिन किसी भी जिले के लिए मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है.

मुंबई, ठाणे और पालघर में 1 नवंबर से मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है. मुंबई में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि दिन का तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

पुणे में 1 नवंबर को आंशिक बादल रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. जिले में 31 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन 1 नवंबर से मौसम अपेक्षाकृत सूखा रहने का अनुमान है.

विदर्भ के नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और यवतमाल जैसे जिलों में 1 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. 2 नवंबर तक बारिश की गतिविधि सीमित रहने और इसके बाद राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क होने का अनुमान है. IMD के अनुसार 11 नवंबर तक देश में शीतलहर की स्थिति की संभावना नहीं है.