महाराष्ट्र में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने दो अलग-अलग अभियानों में छह लोगों को गिरफ्तार किया है. DRI के अनुसार, पुणे के बाहरी इलाके से करीब दो लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर बरामद हुआ, जबकि नवी मुंबई और पनवेल क्षेत्र में बाघ, तेंदुए और चीते की तीन संदिग्ध खालें मिलीं. एक एयर राइफल भी जब्त की गई है.

DRI ने बताया कि दोनों कार्रवाइयां खुफिया जानकारी के आधार पर 25 और 26 नवंबर को की गईं. गिरफ्तार किए गए लोगों और जब्त सामग्री को आगे की जांच व कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र वन विभाग को सौंप दिया गया है.

पुणे में संदिग्ध सांप का जहर बरामद

पहली कार्रवाई 25 नवंबर को पुणे के बाहरी इलाके में इंद्रायणी नदी के पास की गई. DRI को सूचना मिली थी कि शेयर कारोबार से जुड़े रहे एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के जरिए सांप के जहर की कथित बिक्री की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, आरोपी एक बिचौलिए और संभावित खरीदार से मिलने वाला था.

DRI की टीम ने पीछा करने के बाद तीन लोगों को पकड़ा. तलाशी में दो बोतलें मिलीं, जिनमें करीब दो लीटर संदिग्ध किंग कोबरा का जहर रखा था. पीछा करने के दौरान जहर फैलने से DRI का एक अधिकारी घायल होने की जानकारी भी दी गई है. बरामद पदार्थ की प्रकृति और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच वन विभाग कर रहा है.

नवी मुंबई में तीन संदिग्ध खालें मिलीं

दूसरी कार्रवाई 26 नवंबर को पनवेल इलाके में हुई. DRI के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए वन्यजीवों की खालें बेचने की कोशिश की जा रही थी. एक संदिग्ध के बैग से दो खालें मिलीं, जिन्हें शुरुआती जांच में बाघ और तेंदुए की खाल माना गया. पूछताछ के आधार पर नवी मुंबई की एक रिहायशी इमारत में छापा मारा गया, जहां दो महिलाओं के पास से तीसरी संदिग्ध खाल बरामद हुई. इसे शुरुआती तौर पर चीते की खाल बताया गया है.

मौके से .177 कैलिबर यानी 4.5 एमएम की ब्रेक-बैरल एयर राइफल भी मिली. DRI के अनुसार, तेंदुए की संदिग्ध खाल पर गोली लगने का निशान है और यह जांच की जा रही है कि क्या इसका संबंध बरामद एयर राइफल से है.

DRI ने कहा कि किंग कोबरा, बाघ, तेंदुआ और चीता वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल हैं. इन प्रजातियों के शिकार, अवैध कब्जे और अंगों या खालों के कारोबार पर कानून के तहत कार्रवाई का प्रावधान है.