राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में कहा कि दुनिया की अधिकांश समस्याओं की जड़ दूसरों के प्रति अपनत्व की कमी है. उन्होंने लोगों से यह भाव विकसित करने की अपील की कि हर व्यक्ति अपना है और दूसरों के अच्छे जीवन की कामना उसी तरह की जानी चाहिए, जैसे अपने लिए की जाती है.

भागवत समर्पण फाउंडेशन के रजत जयंती समारोह में सभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अपनत्व की भावना दुनिया को जोड़ती है, समस्याओं को समझने में मदद करती है और उनके समाधान का रास्ता भी दिखाती है.

‘मैं और मेरा’ की सोच पर जोर

भागवत ने अमेरिका की हालिया कॉन्फ्रेंस यात्रा का उल्लेख करते हुए नाइजीरिया के एक वक्ता की बात साझा की. उनके अनुसार, उस वक्ता ने कहा था कि जब तक ‘मैं और मेरा’ खत्म नहीं होगा, तब तक दुनिया में शांति नहीं आएगी. भागवत ने इसी संदर्भ में भाईचारे और आत्मीयता को जरूरी बताया.

उन्होंने कहा कि सेवा दिखावे के लिए नहीं, बल्कि चुपचाप और लगातार की जानी चाहिए. कोविड-19 महामारी का उदाहरण देते हुए भागवत ने बताया कि नागपुर में RSS कार्यकर्ताओं से सेवा गतिविधियों की जानकारी मांगी गई थी. तब उन्हें दो महीने में ऐसी 40 गतिविधियों के बारे में पता चला था.

भागवत ने इंसान और जानवर के बीच अंतर बताते हुए संवेदनशीलता और करुणा को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि मनुष्य केवल अपने जीवन के बारे में नहीं सोचता, बल्कि दूसरों की चिंता भी करता है.