पुणे के कसबा पेठ इलाके के एक पारंपरिक वाड़े से शुरू हुआ Mother's Recipe ब्रांड अब 42 से अधिक देशों में अपने उत्पाद बेचता है. ब्रांड की पहचान खास तौर पर अचार के लिए बनी, लेकिन इसके पोर्टफोलियो में पापड़, चटनी, कुकिंग पेस्ट, करी पाउडर, इंस्टेंट मिक्स, शरबत, रेडी-टू-कुक भोजन और सॉस भी शामिल हैं.
Desai परिवार गुजरात से पुणे आया था. 1901 में हरिभाई वी. देसाई ने कारोबार की शुरुआत की थी. शुरुआत तंबाकू व्यवसाय से हुई और बाद में कंपनी ने खाद्य प्रसंस्करण समेत कई क्षेत्रों में विस्तार किया. 2002 में Desai Brothers ने Mother's Recipe का अधिग्रहण किया.
कंपनी के अनुसार, अचार कारोबार बढ़ाने के दौरान अलग-अलग राज्यों में इस्तेमाल होने वाले मसालों, तेल और पकाने के तरीकों का अध्ययन किया गया. 2015 में Desai Brothers ने कोलकाता की Elmac Agro Manufacturing को 30 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे सॉस कारोबार में प्रवेश हुआ. बाद में Spreadon के अधिग्रहण के साथ स्प्रेड और डिप्स श्रेणी भी जुड़ी.
ब्रांड ने अपनी 64 अचार किस्मों की पैकेजिंग भी बदली है. नए डिजाइन भारतीय घरों, पारंपरिक साड़ियों के रंगों, चूड़ियों और पीतल के बर्तनों से प्रेरित हैं. लेबल पर अचार की किस्मों के नाम क्षेत्रीय भाषाओं में भी दिए गए हैं.
