मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कस्टम्स विभाग ने 27 और 28 नवंबर को अलग-अलग अभियानों में ड्रग्स और सोना जब्त किया. विभाग के उपलब्ध विवरण के अनुसार, बरामद माल की कुल कीमत करीब ₹39.8 करोड़ है. कार्रवाई में यात्रियों और कथित ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े लोगों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
सबसे बड़ी कार्रवाई में एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने बैंकॉक जाने वाली Thai Airways की उड़ान TG-318 के एक यात्री से करीब 5 किलो केटामाइन बरामद किया. पूछताछ के बाद एक आवासीय परिसर में छापेमारी की गई, जहां से 7 किलो अतिरिक्त केटामाइन मिला. कुल 12 किलो केटामाइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹36 करोड़ आंकी गई है. इस मामले में यात्री समेत तीन लोगों को NDPS Act, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया.
दो अन्य मामलों में बैंकॉक से मुंबई पहुंचे दो यात्रियों के पास से करीब 6.5 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ. इसकी कीमत लगभग ₹2.27 करोड़ बताई गई है. दोनों यात्रियों पर भी NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है.
इसके अलावा, मुंबई पहुंचे पांच यात्रियों से 1,443 ग्राम 24 कैरेट सोना बरामद किया गया. इसकी कीमत करीब ₹1.57 करोड़ है. सोना छिपाकर लाने के मामले में चार लोगों को Customs Act, 1962 के तहत गिरफ्तार किया गया. कस्टम्स विभाग ने सभी मामलों में तस्करी के नेटवर्क और उसके स्रोत की जांच शुरू कर दी है.
