मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से संचालित एयरलाइंस इस सर्दी में अपनी उड़ानें तय कार्यक्रम के अनुसार चलाएंगी. मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL), एयरलाइंस और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के बीच मंगलवार को हुई बैठक के बाद 265 साप्ताहिक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट स्लॉट रद्द करने या तत्काल बदलने का प्रस्ताव फिलहाल टाल दिया गया है.
यह प्रस्ताव टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के दौरान परिचालन दबाव कम करने के लिए रखा गया था. MIAL ने एयरलाइंस को मौजूदा और ऐतिहासिक स्लॉट आवंटन का सम्मान करने तथा विंटर शेड्यूल में स्लॉट नहीं बदलने का आश्वासन दिया है.
बैठक में टर्मिनल-1 के पुनर्विकास और मुंबई एयरपोर्ट तथा नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच उड़ानों के संभावित पुनर्वितरण पर संयुक्त कार्यसमूह बनाने का फैसला हुआ. यह समूह अगले दो हफ्तों में परिचालन व्यवस्था और समयसीमा का मसौदा तैयार करेगा.
एयरलाइंस से समर शेड्यूल से पुनर्विकास और ट्रैफिक बैलेंसिंग में सहयोग की अपेक्षा की गई है. जो कंपनियां अपनी कुछ उड़ानें नवी मुंबई स्थानांतरित करना चाहेंगी, उन्हें परिचालन सहायता देने की बात कही गई है. अगली बैठकों में एयरलाइंस की नेटवर्क और स्लॉट टीमों के साथ चर्चा होगी.
