मुंबई के शीव, धारावी और आसपास के यात्रियों के लिए BEST ने 14 बस सेवाओं के पुराने मार्ग बहाल कर दिए हैं. यह बदलाव शीव रेल ओवरब्रिज के 22 अक्टूबर को यातायात के लिए खुलने के बाद 23 अक्टूबर से लागू हुआ. 112 साल पुराने इस पुल का पुनर्निर्माण 30 जून 2024 से चल रहा था, जिसके कारण बसों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा था.
बहाल की गई सेवाओं में 181, 255 Limited, 348 Limited, A-312, 341, A-375, AC-505, A-376, A-7, A-22, 29 Limited, 411, 11 Limited और C-305 शामिल हैं. ये बसें रानी लक्ष्मीबाई चौक, संत रोहिदास मार्ग और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग जैसे प्रमुख रास्तों से फिर चलेंगी. कुछ सेवाएं धारावी, शीव, कलानगर और माहीम के बीच संपर्क भी बेहतर करेंगी.
BEST ने AC-176 के मार्ग में अलग बदलाव किया है. आकाशगंगा सोसायटी और धारावी बस आगार के बीच का वैकल्पिक मार्ग रद्द कर दिया गया है. अब यह सेवा संत रोहिदास मार्ग और वसंतराव नाईक मार्ग से रानी लक्ष्मीबाई चौक की ओर जाएगी. धारावी बस आगार और कला किल्ला के ठहराव बंद कर दिए गए हैं.
