मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम पटरी पार करते समय 21 वर्षीय युवक की एसी लोकल ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतक की पहचान साहिल थिते के रूप में हुई है.

रेलवे पुलिस के अनुसार, हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ. साहिल प्लेटफॉर्म नंबर 4 से प्लेटफॉर्म नंबर 2 की ओर जाने के लिए पटरियां पार कर रहा था. इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 3 के पास वह एसी लोकल ट्रेन की चपेट में आ गया.

घायल युवक को तत्काल अगरवाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. कुर्ला रेलवे पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की है.

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह पटरी पार करने से जुड़ा हादसा है. अधिकारियों के मुताबिक, भांडुप की यह घटना मध्य रेलवे की मेन लाइन पर सोमवार को हुई तकनीकी गड़बड़ियों से जुड़ी नहीं थी. उस दिन सेवा बाधित होने के कारण कई यात्री पटरियों पर चलते देखे गए थे, हालांकि इस मौत का संबंध उस व्यवधान से नहीं पाया गया.