मुंबई में इजरायल के महावाणिज्य दूतावास ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के सम्मान में बिलबोर्ड लगाए हैं. बिलबोर्ड पर उन्हें भारत का ‘नया हीरो’ बताते हुए उनकी बहादुरी को सराहा गया है.
यह सम्मान फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर को हुई घटना के बाद दिया गया. यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और उड़ान के दौरान उसने आपात संकेत प्रसारित किए. विमान करीब 34,000 फीट की ऊंचाई से 17,000 फीट से अधिक नीचे आया और बाद में सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उड़ान के दौरान कैप्टन मच्छर पर सह-पायलट ने कथित तौर पर हमला किया था. इसके बाद यात्रियों और चालक दल के अन्य सदस्यों ने हस्तक्षेप किया. विमान को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया. घटना की जांच सऊदी, संयुक्त अरब अमीरात और इजरायली अधिकारी कर रहे हैं.
इजरायल के राजदूत रुवेन अजार ने कैप्टन मच्छर की सूझबूझ और साहस की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है.
