मुंबई में बम धमाकों की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. ईमेल में BMC मुख्यालय और मुंबई की मेयर के कार्यालय के अलावा अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले, शहर के कुछ बैंकों और अदालतों को निशाना बनाने का उल्लेख किया गया था. छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट और महालक्ष्मी रेसकोर्स का भी ईमेल में जिक्र था.
सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमें BMC मुख्यालय पहुंचीं. सुरक्षाकर्मियों ने मेयर कार्यालय और मुख्यालय में व्यापक तलाशी ली. ईमेल में बताए गए अन्य स्थानों पर भी सुरक्षा बढ़ाकर जांच और चेकिंग अभियान चलाया गया.
कई घंटे चले तलाशी अभियान के बाद अधिकारियों ने बताया कि चिह्नित स्थानों पर जांच पूरी कर ली गई है. अब तक किसी जगह से संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है.
ईमेल में खालिस्तान समर्थक संदर्भ और भड़काऊ संदेश होने की बात भी सामने आई है. पुलिस और साइबर सेल ईमेल के स्रोत तथा इसके पीछे मौजूद लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. शुरुआती तौर पर जांचकर्ता इसे दहशत फैलाने की कोशिश मान रहे हैं, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा. मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
