मुंबई में आयोजित बुक फेस्टिवल में अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने बच्चों, छात्रों और नागरिकों से किताबों से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की. उन्होंने महोत्सव को अनूठी पहल बताते हुए बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी पर खुशी जताई.

अदाणी ने कहा कि महोत्सव में किताबों का विशाल भंडार उपलब्ध है. उन्होंने छात्रों और आम नागरिकों से पढ़ने के जरिए ज्ञान हासिल करने और समाज व देश के विकास में उसका उपयोग करने का आग्रह किया.

मुंबई बुक फेस्टिवल में 600 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं. यहां साहित्य, इतिहास, संस्कृति और पत्रकारिता समेत कई विषयों की किताबें अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध हैं. महोत्सव के दूसरे दिन सिनेमा, रंगमंच, साहित्य, शांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में पत्रकारिता की भूमिका पर चर्चा और पुस्तक विमोचन भी हुए.

इस कार्यक्रम में National Book Trust के अध्यक्ष प्रोफेसर मिलिंद सुधाकर मराठे, मुख्य आयोजक अमित साटम और अन्य अतिथि भी शामिल हुए. महोत्सव का आयोजन शिक्षा मंत्रालय के तहत National Book Trust ने महाराष्ट्र सरकार, BMC और University of Mumbai के सहयोग से किया है. यह आयोजन 29 नवंबर तक चलेगा.