केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मुंबई में कथित 50 लाख रुपये की रिश्वत के मामले में CPWD के कार्यकारी अभियंता विक्रांत वर्मा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के अनुसार, मामला मुंबई की एक जमीन के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी करने से जुड़ा है.

CBI के मुताबिक, वर्मा ने कथित तौर पर पहले एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी. बाद में रकम घटाकर 70 लाख रुपये तय हुई. आरोप है कि 50 लाख रुपये का भुगतान पहले किया गया और बाकी 20 लाख रुपये एक सप्ताह बाद दिए जाने थे.

जांच एजेंसी ने बताया कि 1 अक्टूबर को जाल बिछाकर वर्मा के रिश्तेदार सौरव गुप्ता को कथित रिश्वत की रकम लेते पकड़ा गया. इसके बाद वर्मा को नवी मुंबई के वाशी से गिरफ्तार किया गया, जहां वह रकम हासिल करने का इंतजार कर रहे थे.

मामले में रियल एस्टेट समूह के उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, प्रबंधक चेतन महाजन और समूह से जुड़ी Renaissance फर्म के साझेदार अनिल देशमुख को भी गिरफ्तार किया गया है.

CBI के अनुसार, आरोपियों के मुंबई, नवी मुंबई और पुणे स्थित परिसरों की तलाशी में रिश्वत की रकम के अलावा करीब 53.87 लाख रुपये नकद, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य दस्तावेज मिले हैं. आरोपों की जांच जारी है.