मुंबई में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए BEST 15 और 16 नवंबर को अतिरिक्त बसें चलाएगा. यह विशेष व्यवस्था जुहू बीच, दादर चौपाटी, पवई के गणेश घाट और गोराई क्रीक जैसे प्रमुख पूजा स्थलों के लिए की गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, BEST की योजना में 21 अतिरिक्त बसें शामिल हैं. इन बसों का संचालन छठ पूजा के संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के दौरान यात्रियों की संभावित बढ़ी हुई संख्या को ध्यान में रखकर किया जाएगा.
BEST के ट्रैफिक विभाग ने भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था और ब्रेकडाउन वैन उपलब्ध रखने की तैयारी की है. जुहू बीच पर छठ पूजा का मुख्य संध्या कार्यक्रम 15 नवंबर की शाम और उगते सूर्य को अर्घ्य 16 नवंबर की सुबह होने की जानकारी दी गई है.
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पूजा स्थलों तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और स्थानीय यातायात तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.
