मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में दाऊद इब्राहिम के परिवार से जुड़ी हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की कार्रवाई बुधवार और गुरुवार, 18-19 नवंबर को भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच की जा रही है. यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के 31 अगस्त 2020 के आदेश और नगर निकाय की जर्जर इमारत संबंधी कार्रवाई के तहत हो रही है.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इमारत को बेहद खतरनाक और जर्जर ‘C-1’ श्रेणी में रखा है. इसका एक हिस्सा भिंडी बाजार क्लस्टर पुनर्विकास परियोजना के तहत प्रस्तावित आंतरिक सड़क के रास्ते में भी आता है. इमारत के अधिकांश हिस्से खाली कराए जा चुके हैं, लेकिन भूतल पर चल रहे प्रार्थना कक्ष को लेकर विवाद बना हुआ है.
BMC इसे ‘प्रार्थना कक्ष’ बता रही है, जबकि स्थानीय निवासी और विपक्षी नेताओं का कहना है कि यह मस्जिद है और मामला वक्फ ट्रिब्यूनल में लंबित है. AIMIM नेता वारिस पठान और कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए अतिरिक्त समय और कानूनी सुनवाई की मांग की है.
Saifee Burhani Upliftment Trust ने प्रार्थना कक्ष के उपयोगकर्ताओं को वैकल्पिक अस्थायी जगह या किराये के रूप में मुआवजे का विकल्प देने की बात कही है.
