बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई के पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित उस दो मंजिला इमारत को गिराने पर लगी रोक बरकरार रखी है, जहां 1970 के दशक में दाऊद इब्राहिम और उसका परिवार रहता था. अदालत ने 30 नवंबर तक भवन में किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है.

चीफ जस्टिस महेश चंद्र त्रिपाठी और जस्टिस अद्वैत सेठना की पीठ ने हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना से जुड़े मामले की सुनवाई की. यह आदेश शेख अब्दुल रजाक और अमीराली वजीराली पंजवानी की याचिका पर दिया गया है. याचिकाकर्ताओं ने भवन को मस्जिद बताते हुए वहां रोजाना या कम से कम शुक्रवार की नमाज की अनुमति मांगी थी.

BMC ने भवन को बताया खतरनाक

सुनवाई के दौरान BMC की ओर से वरिष्ठ वकील अनिल साखरे ने कहा कि भवन बेहद जर्जर है और आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा कर सकता है. BMC का कहना था कि यह मस्जिद नहीं, बल्कि एक जर्जर इमारत है. उसके मुताबिक, 2007 से भवन के कई छोटे हिस्से गिर चुके हैं और वहां कोई नहीं रहता.

अदालत ने याचिकाकर्ताओं के उस दावे पर भी सवाल उठाया कि भवन में मस्जिद है और वहां दिन में पांच बार नमाज होती है. पीठ ने सुरक्षा का हवाला देते हुए परिसर में प्रवेश की अनुमति देने से इनकार किया और कहा कि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जिम्मेदारी कौन लेगा.

1939 में बनी थी इमारत

हाजी इस्माइल हाजी हबीब मुसाफिरखाना का निर्माण 1939 में हुआ था. BMC ने इसे खतरनाक और जर्जर मानते हुए C-1 श्रेणी में रखा है. 18 और 19 नवंबर को इसे गिराने की योजना बनाई गई थी. कार्रवाई के दौरान निगम कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी तथा भवन को नीली टिन की चादरों से घेरा गया था.

दाऊद इब्राहिम के 1986 में भारत से फरार होने से पहले यह इमारत उसके शुरुआती ठिकानों में शामिल थी.