महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए बनाए गए एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया. यह केंद्र गांधी जयंती के अवसर पर शुरू किया गया है और इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों को प्रस्तावित आवास तथा टाउनशिप की योजना का प्रत्यक्ष अनुभव देना है.
22,500 वर्गफुट में बने इस केंद्र में 350 वर्गफुट के प्रस्तावित पुनर्वास घरों और 500 वर्गफुट के रिन्यूअल अपार्टमेंट के लाइफ-साइज मॉडल लगाए गए हैं. आगंतुक इन नमूना घरों के लेआउट और संभावित उपयोग को देख सकते हैं.
केंद्र में प्रस्तावित टाउनशिप का 3D वॉकथ्रू, डिजिटल डिस्प्ले और इंटरैक्टिव प्रदर्शनी भी है. इनमें आवास, व्यावसायिक क्षेत्र, सड़कें, सार्वजनिक परिवहन, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, पार्क और खुले स्थानों से जुड़ी योजनाएं दिखाई गई हैं.
कार्यक्रम के दौरान फडणवीस ने धारावी को समर्पित एक एंथम का अनावरण किया और इलाके के इतिहास, कारोबार तथा सामुदायिक जीवन पर आधारित कॉफी-टेबल बुक भी जारी की.
