मुंबई में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे एक ही मंच पर नजर आए. कार्यक्रम 75 कार्टूनिस्टों के काम और उनके परिचय पर आधारित पुस्तक ‘महाराष्ट्राची हास्यरेषा’ के विमोचन के लिए आयोजित किया गया था.

फडणवीस ने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं का एक मंच पर आना महाराष्ट्र की राजनीतिक परंपरा का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है क्योंकि नेता ऐसे कार्यक्रमों में साथ बैठ सकते हैं, हंस-बोल सकते हैं और चाय भी पी सकते हैं.

फडणवीस ने उद्धव ठाकरे का जिक्र करते हुए कहा कि 2019 तक जब भी उद्धव उन्हें बुलाते थे, वह जाते थे. उनके मुताबिक, 2019 के बाद उद्धव ठाकरे ने उन्हें फोन नहीं किया और वह इंतजार कर रहे हैं. 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद के बंटवारे को लेकर भाजपा और अविभाजित शिवसेना का गठबंधन टूट गया था. इसके बाद दोनों दल राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन गए.

राज ठाकरे ने कला-संस्कृति के मंच का किया उल्लेख

राज ठाकरे ने कहा कि लोग सोच रहे होंगे कि तीनों नेता एक मंच पर कैसे आए. उन्होंने कहा कि कुछ मंच राजनीति से अलग होते हैं, जहां अलग विचारधारा वाले लोग कला और संस्कृति पर चर्चा के लिए साथ आ सकते हैं.

फडणवीस ने पुस्तक तैयार करने के लिए संपादक प्रशांत कुलकर्णी और ग्रंथाली संस्था को बधाई दी. उन्होंने कहा कि संग्रह पुराने कार्टूनों को उनके ऐतिहासिक संदर्भों के साथ सुरक्षित रखने का काम करता है. उन्होंने मजाक में राज ठाकरे से कहा कि यदि वह कभी उनका कार्टून बनाएं तो नाक थोड़ी बड़ी बनाएं.

उद्धव ठाकरे ने कहा कि कार्टूनिस्ट का ब्रश उसका सबसे बड़ा हथियार होता है. उन्होंने बताया कि बाल ठाकरे के निर्माणाधीन स्मारक में उनके बनाए कार्टून भी रखे जाएंगे. उद्धव ने पुस्तक को करीब 100 वर्षों के इतिहास वाला अमूल्य खजाना बताया.