मुंबई के मलाड में एक परिवार ने 80 वर्षीय व्यक्ति की मृत्यु के करीब चार साल बाद भी उनका अंतिम संस्कार नहीं किया. परिवार ने भावनात्मक लगाव के चलते शव को फ्रीजर में सुरक्षित रखा और इस पर ₹50 लाख से ज्यादा खर्च किए. पुलिस के अनुसार, व्यक्ति की मृत्यु 2022 में कैंसर, किडनी फेलियर और उम्र से जुड़ी अन्य बीमारियों के कारण हुई थी.

कुरार पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के मुताबिक, परिवार में मृतक की पत्नी और दो बच्चे हैं. शुरुआत में शव को मलाड स्थित घर के फ्रीजर में रखा गया था. बाद में रिहायशी इमारत के पुनर्निर्माण का काम शुरू होने पर शव को एक स्थानीय डिस्पेंसरी में रखवा दिया गया. यह डिस्पेंसरी करीब एक महीने पहले बंद हो गई.

परिवार अब शव को अमेरिका की ऐसी सुविधा में भेजने के विकल्प पर विचार कर रहा है, जहां क्रायोप्रिजर्वेशन तकनीक से लंबे समय तक शरीर के हिस्सों या ऊतकों को बेहद कम तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है.

पुलिस को इस मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच की गई. अधिकारियों के अनुसार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को भी शव रखे जाने की जानकारी थी. पुलिस ने किसी संदिग्ध गतिविधि की आशंका से इनकार किया है और कहा है कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई थी. मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है. मृतक की एक बेटी वकील बताई गई है.