मुंबई के जुहू इलाके में शुक्रवार रात एक BMW चालक और ट्रैफिक पुलिसकर्मी के बीच विवाद का वीडियो सामने आया है. पुलिस के अनुसार, BMW ने ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक कार को पीछे से टक्कर मारी थी. इसके बाद ट्रैफिक कॉन्स्टेबल प्रशांत हाके ने चालक को रोकने की कोशिश की.

वायरल करीब एक मिनट के वीडियो में हाके BMW के सामने खड़े होकर चालक से गाड़ी रोकने के लिए कहते दिखाई देते हैं. आरोप है कि महिला चालक ने कार आगे बढ़ाना जारी रखा, जिससे पुलिसकर्मी को पीछे हटना पड़ा. आसपास मौजूद लोग भी चालक से रुकने की अपील करते सुनाई देते हैं.

कुछ देर बाद एक राहगीर ने BMW का पिछला दरवाजा खोला. इसके बाद चालक ने फोन निकालकर आसपास मौजूद लोगों की रिकॉर्डिंग शुरू की और खुद को परेशान किए जाने की बात कही. बाद में वह मौके से चली गई.

टक्कर का शिकार हुए वाहन के चालक ने जुहू थाने में शिकायत दी है. ट्रैफिक विभाग ने BMW के खिलाफ दुर्घटना कराने और मौके से चले जाने को लेकर ई-चालान जारी किया है. अन्य आरोपों और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.