मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. शुरुआती जांच के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी हमले में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक अंधेरी रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है.
जुहू पुलिस स्टेशन में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस बाइक की नंबर प्लेट के साथ उसके चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर वाहन का रिकॉर्ड खंगाल रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार बाइक मुंबई में पंजीकृत है.
पुलिस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान और घटना के बाद उनकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं. दोनों सफेद शर्ट पहने नजर आ रहे हैं. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन्हीं दोनों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाई थी. पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.
रविवार को फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर की कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी. अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके दाहिने हाथ पर बारूद से जलने के निशान बताए गए हैं. घटना में उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की. उनके मुताबिक, अभिनेता और उनका परिवार घटना से चिंतित हैं तथा परिवार ने किसी दुश्मनी या विवाद से इनकार किया है. शिंदे ने कहा कि मुंबई पुलिस मामले को प्राथमिकता से देख रही है और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
