मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित प्रमोद महाजन गार्डन में एक दंपती पर कथित हमले का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इसमें शामिल नाबालिगों की पहचान की और मामला दर्ज किया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना फीनिक्स मॉल के पीछे स्थित पार्क में हुई. वीडियो में आठ से दस लड़के दंपती से बहस करते और उनका रास्ता रोकते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद कुछ लड़कों ने युवक पर लकड़ी के डंडों से हमला किया और उसे मुक्के भी मारे. साथ मौजूद महिला ने बीच-बचाव की कोशिश की. बाद में दंपती वहां से निकलने में सफल रहा.
पुलिस के अनुसार, कम से कम छह नाबालिगों को 15 दिनों के लिए ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 189(2), 118(1), 352 और 351(2) समेत अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है.
आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा. पुलिस ने उनके अभिभावकों को नोटिस भी जारी किए हैं और कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
