मुंबई की लोकल ट्रेन में सहेलियों द्वारा अपनी होने वाली दुल्हन मित्र के लिए किया गया प्री-वेडिंग समारोह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वायरल वीडियो में महिलाएं ट्रेन के एक कोच के हिस्से को फूलों, तोरणों, स्टिकर्स और अन्य पारंपरिक सजावटी सामान से सजाती दिख रही हैं.

वीडियो में दिखाई देता है कि होने वाली दुल्हन के कोच में प्रवेश करते ही सहेलियां उस पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाती हैं. इसके बाद सजाई गई थाली के साथ पारंपरिक रस्में निभाई जाती हैं और महिलाएं गले मिलकर खुशी मनाती हैं. सजावट के बीच एक बोर्ड पर “स्नेहलचं केळवण” लिखा हुआ दिखाई देता है.

घर के बजाय लोकल ट्रेन में केळवण

इस आयोजन को महाराष्ट्र की पारंपरिक प्री-वेडिंग रस्म ‘केळवण’ बताया गया है. इस रस्म में परिवार या मित्र शादी से पहले दुल्हन या दूल्हे को भोजन कराते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं. आमतौर पर यह समारोह घर पर आयोजित किया जाता है, लेकिन इस समूह ने इसके लिए मुंबई लोकल को चुना.

यह वीडियो X पर @mumbaiheritage हैंडल से साझा किया गया. पोस्ट के साथ लिखा गया कि इस बार समारोह घर में नहीं, बल्कि मुंबई लोकल में हुआ. वीडियो पर कुछ यूजर्स ने इसे मुंबई की जीवंतता और दोस्ती का उदाहरण बताया.

हालांकि, कई लोगों ने सार्वजनिक परिवहन में निजी समारोह आयोजित किए जाने पर सवाल भी उठाए. यूजर्स ने पूछा कि क्या इसके लिए रेलवे से अनुमति ली गई थी और क्या सजावट या समारोह से अन्य यात्रियों को असुविधा हुई.

रेलवे पैसेंजर सपोर्ट अकाउंट ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित अधिकारियों को टैग किया. अकाउंट ने कहा कि मामले को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी तक पहुंचा दिया गया है. उपलब्ध जानकारी में यह स्पष्ट नहीं है कि समारोह के लिए रेलवे की औपचारिक अनुमति ली गई थी या नहीं.