मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में अगले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. BMC प्रमुख अश्विनी भिड़े ने कहा कि मुंबई महानगरीय क्षेत्र में प्रस्तावित करीब 400 किलोमीटर के मेट्रो नेटवर्क का बाकी काम अगले तीन से चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है.

उनके मुताबिक, लगभग 100 किलोमीटर मेट्रो लाइन पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 100 किलोमीटर पर निर्माण जारी है. बाकी हिस्से योजना और टेंडर प्रक्रिया में हैं. सभी कॉरिडोर आपस में जुड़ने के बाद उपनगरीय ट्रेनों पर दबाव घटने की उम्मीद है. भिड़े ने कहा कि 2041 तक लोकल ट्रेनों में रोजाना यात्रियों की संख्या 70 लाख से घटकर 45-50 लाख हो सकती है, जबकि मेट्रो नेटवर्क करीब एक करोड़ यात्रियों की क्षमता रखेगा.

सड़क सुधार के मोर्चे पर उन्होंने बताया कि मुंबई के करीब 2,100 किलोमीटर सड़क नेटवर्क में से 1,900 किलोमीटर का कंक्रीटीकरण हो चुका है. शेष करीब 300 किलोमीटर और पुरानी कंक्रीट सड़कों की अधूरी साइड स्ट्रिप का काम फेज-3 में लिया जाएगा. इसे पूरा करने में एक से दो साल लग सकते हैं. भिड़े के अनुसार, कंक्रीट की गई सड़कों पर पिछले दो-तीन वर्षों में गड्ढों की समस्या नहीं देखी गई है.