मुंबई के कोलाबा पुलिस थाने ने नेवल डॉकयार्ड में काम करने वाले 21 वर्षीय अप्रेंटिस बंटी रामप्रकाश मीणा को गिरफ्तार किया है. उस पर सोशल मीडिया पर भारतीय नौसेना के ठिकानों से जुड़ी संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो साझा करने का आरोप है. पुलिस इस मामले में पाकिस्तान में बैठे संभावित हैंडलर्स से किसी कनेक्शन की भी जांच कर रही है. अभी इस सीमा-पार कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पुलिस की सोशल मीडिया डिजिटल लैब को एक इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए संवेदनशील रक्षा सामग्री प्रसारित किए जाने की सूचना मिली थी. तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग के बाद जांचकर्ताओं ने कथित तौर पर उस अकाउंट का पता लगाया. इसके बाद 20 नवंबर को मीणा को हिरासत में लिया गया.
मीणा राजस्थान के करौली जिले का रहने वाला बताया गया है. गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. स्थानीय अदालत ने उसे 23 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
जांच में पुलिस उसके इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप अकाउंट, चैट हिस्ट्री तथा अन्य डिजिटल फुटप्रिंट की पड़ताल कर रही है. अधिकारियों का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित सुरक्षा उल्लंघन में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं. पुलिस ने मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त किया है.
