मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 2018 में हुए हादसे में जान गंवाने वाले दंपत्ति के परिजनों को ₹1.80 करोड़ से अधिक का मुआवजा मिलेगा. ठाणे मोटर एक्सिडेंट क्लेम्स ट्रिब्यूनल (MACT) ने संजना छुग और अंकित भूपिंदरसिंह छुग की मौत से जुड़े मामले में यह आदेश दिया है.
हादसा 23 दिसंबर 2018 को हुआ था. ट्रिब्यूनल के अनुसार, एक Wagon R कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी. ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने के बाद कार टक्कर के प्रभाव से करीब एक किलोमीटर तक घिसटती चली गई. हादसे के बाद दंपत्ति की पनवेल के ग्रामीण अस्पताल में मौत हो गई. उनके दो नाबालिग बच्चे भी कार में मौजूद थे.
29 अक्टूबर को दिए आदेश में MACT सदस्य गौरी कावडिकर ने अंकित छुग को 70 प्रतिशत योगदानात्मक लापरवाही का जिम्मेदार माना, जबकि ट्रक चालक की तेज और लापरवाह ड्राइविंग के लिए 30 प्रतिशत जिम्मेदारी तय की. ट्रिब्यूनल ने कहा कि सुरक्षित दूरी और नियंत्रित गति होने पर कार चालक समय रहते ब्रेक लगा सकता था.
मुआवजे में संजना की मौत के लिए ₹92,53,500 और अंकित की मौत के लिए ₹88,45,732 शामिल हैं. बीमा कंपनी को पहले राशि का भुगतान करना होगा, हालांकि उसे बाद में ट्रक मालिक से रकम वसूलने की अनुमति दी गई है.
