मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे की कनेक्टिंग लिंक, जिसे मिसिंग लिंक भी कहा जाता है, पर 1 नवंबर 2026 से सभी मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. महाराष्ट्र ट्रैफिक पुलिस की 26 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी.

प्रतिबंध के दायरे में ट्रक और अन्य मालवाहक वाहनों के साथ हल्के व्यावसायिक वाहन, पिकअप वैन और Tata Ace भी शामिल हैं. ज्वलनशील, विस्फोटक या अन्य खतरनाक सामग्री ले जाने वाले वाहनों को भी इस मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे वाहनों को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के पुराने मार्ग का इस्तेमाल करना होगा.

कनेक्टिंग लिंक पर निजी कार, जीप और अन्य गैर-परिवहन हल्के मोटर वाहन चल सकेंगे. यात्री बसों और दूसरे यात्री वाहनों को भी अनुमति रहेगी. निजी कारों और हल्के मोटर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि यात्री बसों के लिए यह सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है.

अधिकारियों के अनुसार, बोगदों की डिजाइन, तकनीकी विशेषताओं और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर ये स्थायी प्रतिबंध लागू किए गए हैं.